
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेरठ। एमआईईटी मेरठ के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग में इंडियन सोसाइटी ऑफ हीटिंग, रेफ्रिजरेटिंग एंड एयर कंडीशनिंग इंजीनियर्स (आईएसएचआरएई) के स्टूडेंट चैप्टर का शुभारंभ किया गया। इस पहल का उद्देश्य छात्रों को तकनीकी ज्ञान, उद्योग से जुड़ाव और व्यावसायिक कौशल विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम का आयोजन एमआईईटी के निदेशक प्रो. (डॉ.) संजय कुमार सिंह, डीन एकेडमिक्स प्रो. (डॉ.) संजीव सिंह एवं विभागाध्यक्ष डॉ. विपिन शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. श्वेतांशु गौरव ने किया, जबकि डॉ. हुसैन मेहदी का विशेष सहयोग रहा।
समारोह में आईएसएचआरएई मेरठ चैप्टर के संस्थापक अध्यक्ष ए.के. गोयल, मेंटॉर अमित कौशिक, सचिव अमरजीत मौर्य और पूर्व अध्यक्ष देवेंद्र मोहन ने छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने हीटिंग, वेंटिलेशन, एयर कंडीशनिंग एवं रेफ्रिजरेशन (एचवीएसी एंड आर) क्षेत्र में बढ़ती संभावनाओं और कौशल विकास के महत्व पर प्रकाश डाला।
विशेषज्ञों ने छात्रों को तकनीकी कार्यशालाओं, औद्योगिक भ्रमण, विशेषज्ञ व्याख्यानों और नेतृत्व विकास कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बदलते तकनीकी दौर में नवाचार, तकनीकी दक्षता और उद्योग की जरूरतों के अनुरूप स्वयं को तैयार करना समय की मांग है।
नवनिर्मित आईएसएचआरएई स्टूडेंट चैप्टर छात्रों को तकनीकी ज्ञान बढ़ाने, उद्योग जगत से जुड़ने और करियर के नए अवसरों तक पहुंच बनाने के लिए एक प्रभावी मंच प्रदान करेगा।

![]()
![]()



