मथुरा
मथुरा की श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन को मिला और बल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। श्री कृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति का मुद्दा अब केवल न्यायालय की चौखट तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि देशभर में इसको भरी जनसमर्थन मिल रहा है। इसी क्रम में छह जून को बुलंदशहर से मथुरा आने वाली श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति मोटर साइकिल यात्रा को भारतीय किसान यूनियन (भूमि पुत्र) का भी समर्थन मिल गया। संगठन ने यात्रा में सक्रिय भागीदारी की घोषणा करते हुए आंदोलन के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया है। रविवार को फरह विकास खंड की ग्राम पंचायत फतिहा के पंचायत भवन में आयोजित बैठक में भारतीय किसान यूनियन (भूमि पुत्र) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर धीरेंद्र सिंह ने यात्रा के समर्थन की घोषणा की। बैठक में श्री कृष्ण जन्मभूमि शाही ईदगाह मस्जिद प्रकरण के हिंदू पक्षकार एवं श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने उपस्थित ग्रामीणों को यात्रा के उद्देश्य और आंदोलन की पृष्ठभूमि से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति का विषय आज देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में बसे करोड़ों सनातन श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि छह जून को बुलंदशहर के गंगा तट स्थित श्री सिद्ध बाबा आश्रम वन खण्डेश्वर महादेव मंदिर से महंत स्वामी कांताचार्य महाराज के सानिध्य में मोटरसाइकिल यात्रा प्रारंभ होगी, जो मथुरा पहुंचेगी। यात्रा का उद्देश्य श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन के पक्ष में जनसमर्थन जुटाना और समाज को इस विषय से जोड़ना है। पूर्व चिकित्साधिकारी डॉ. नवल सिंह, क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष ठाकुर सुजान सिंह ने भी विचार व्यक्त किए।कार्यक्रम के बाद महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने वृंदावन पहुंचकर संत समाज से भी संपर्क किया। उन्होंने मोर कुटी में संतों से भेंट की तथा संत फूलडोल महाराज के आश्रम पहुंचकर उन्हें यात्रा का निमंत्रण दिया। इसके बाद सुदामा कुटी पहुंचकर संत अमरदास महाराज को यात्रा का निमंत्रण दिया। महंत संत सुतीक्ष्ण दास महाराज से दूरभाष पर वार्ता कर उन्हें भी आमंत्रित किया गया। हनुमान टेकरी के महंत संत दशरथ दास महाराज ने भी यात्रा में शामिल होने की सहमति प्रदान की है।



