मथुरा
जयसिंहपुरा में आक्रोशित लोगों ने मथुरा-वृंदावन मार्ग किया जाम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। भीषण गर्मी में पांच दिन से बिजली आपूर्ति ठप रहने से जयसिंहपुरा क्षेत्र के लोगों का सब्र जवाब दे गया। गुस्साए लोगों ने मथुरा-वृंदावन मार्ग पर जाम लगाकर विद्युत निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों ने सड़क पर बैठकर नारेबाजी की और बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग उठाई। जाम से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पार्षद राकेश भाटिया ने बताया कि जयसिंहपुरा के साथ-साथ गोविंद नगर, कृष्णा नगर, लक्ष्मी नगर और आसपास के कई क्षेत्रों में पिछले दो दिन से बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रहने से लोग भीषण गर्मी में रातें काटने को मजबूर हैं। बिजली न होने के कारण पेयजल संकट भी गहरा गया है। घरों में पानी की मोटर नहीं चल पा रहीं। लोगों का कहना था कि छोटे बच्चे, बुजुर्ग और बीमार सबसे अधिक परेशान हैं। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से ट्रिपिंग, लो-वोल्टेज और फॉल्ट की समस्या बनी हुई है। कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग की ओर से स्थायी समाधान नहीं किया गया। लोगों का आरोप था कि विद्युत विभाग के अधिकारी केवल आश्वासन देते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई सुधार दिखाई नहीं देता।



