कैराना

जूस पी रहे युवक पर मौत बनकर चढ़ी तेज रफ्तार कार, हाईवे पर मचा हड़कंप

 सड़क किनारे खड़े बाइक सवार को स्विफ्ट डिजायर ने रौंदा, गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर

हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार, पुलिस जांच में जुटी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। नेशनल हाईवे पर मंगलवार शाम तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। भूरा अंडरपास के निकट सड़क किनारे खड़े एक बाइक सवार युवक को स्विफ्ट डिजायर कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर जा गिरा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
जानकारी के अनुसार जनपद पानीपत के गांव डाढ़ोला निवासी अरविंद पुत्र मानसिंह अपनी सास का हालचाल जानने के लिए कैराना आया हुआ था। उसकी सास नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती बताई जा रही हैं। शाम के समय अरविंद अपनी बाइक सड़क किनारे खड़ी कर भूरा अंडरपास के पास जूस पी रहा था। इसी दौरान शामली की ओर से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार संख्या HR-51BT-7483 तेज गति से मौके पर पहुंची और अनियंत्रित होकर सीधे अरविंद को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक कई फीट दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल संभाला और उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।उधर, दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैराना पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। वहीं हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर वाहनों की तेज रफ्तार लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। उन्होंने प्रशासन से दुर्घटना संभावित स्थानों पर प्रभावी यातायात नियंत्रण और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button