रामपुर शाहबाद
विश्व पर्यावरण दिवस पर : कैबिनेट मंत्री ने गौ आश्रय स्थल पर किया गो-पूजन और पौधरोपण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
रामपुर शाहबाद। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने तहसील शाहबाद स्थित हिम्मतपुर गौ आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने गोवंश के विधिवत पूजन, तिलक और माल्यार्पण के साथ की। मंत्री ने अपने हाथों से गोवंश को गुड़ खिलाकर सेवा का संदेश दिया और गौ संरक्षण को भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग बताया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौशाला में स्वच्छ पेयजल, चारा और चिकित्सा सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने सरकार द्वारा संचालित बकरी, मत्स्य और सूअर पालन जैसी स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने किसानों से इन योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।मंत्री ने गोमूत्र और गोबर के वैज्ञानिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि हमारी सांस्कृतिक परंपराएं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी हैं। उन्होंने पशुपालकों से भावुक अपील करते हुए कहा कि दूध देना बंद करने के बाद भी गोवंश को निराश्रित न छोड़ें। कार्यक्रम के अंत में प्रभारी मंत्री, विधायक राजबाला सिंह, जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी पूर्व विधायक काशीराम दिवाकर और अन्य अधिकारियों ने गौशाला परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण बचाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर एसडीएम आशुतोष कुमार खंड विकास अधिकारी धीरेंद्र पाल सिंह चौहान जिला अध्यक्ष हरीश गंगवार विधायक राजबाला पूर्व विधायक काशीराम दिवाकर सुरेश बाबू गुप्ता आदि लोग मौजूद रहे।


