ललितपुर

बिजली संकट और स्मार्ट मीटर की गड़बडिय़ों के विरोध में आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन

राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपकर अघोषित कटौती रोकने और बिजली दरों में राहत की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। प्रदेश में बढ़ती गर्मी के बीच बिजली संकट, अघोषित कटौती और स्मार्ट मीटरों से जुड़ी शिकायतों को लेकर आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को जोरदार विरोध दर्ज कराया। जिलाध्यक्ष हरदयाल सिंह लोधी एड. के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपकर प्रदेश की विद्युत व्यवस्था में सुधार की मांग की। ज्ञापन के माध्यम से पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी के दौर में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसान, व्यापारी, छात्र, कर्मचारी और आम उपभोक्ता बिजली संकट से जूझ रहे हैं, जबकि प्रदेश के उपभोक्ता देश की सबसे महंगी बिजली दरों में से एक का भुगतान करने को मजबूर हैं। जिलाध्यक्ष हरदयाल सिंह लोधी ने कहा कि प्रदेश के कई हिस्सों में 22 से 48 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पर्याप्त बिजली उपलब्ध न होने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है और लोगों को भीषण गर्मी में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पार्टी नेताओं ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को अधिक बिजली बिल, गलत रीडिंग और फर्जी बिलिंग जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि स्मार्ट मीटरों से संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा उपभोक्ताओं को राहत प्रदान की जाए। ज्ञापन में बाराबंकी में बिजली संकट से जुड़ी एक दुखद घटना का भी उल्लेख किया गया और उसकी उच्चस्तरीय जांच कराकर प्रभावित परिवार को न्याय एवं मुआवजा दिए जाने की मांग की गई। आम आदमी पार्टी ने ज्ञापन के माध्यम से प्रदेश में अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाने, निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ाने, बिजली दरों में वृद्धि रोकने, उपभोक्ताओं के लिए प्रभावी शिकायत निवारण तंत्र स्थापित करने तथा जनता को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने सहित कई मांगें उठाईं। ज्ञापन सौंपने के दौरान हजारीलाल राजपूत, हरीबाई राजपूत, विवेक जैन (महासचिव), प्रमोद नामदेव (एड.), कैलाश नारायण, देश विहारी राजपूत, रमेश जैन, आशीष गेंडा, अभय पाठक, प्रीतम सिंह, मानसिंह संगान, मीना राजा, अजय सिंह राजपूत, राघवेंद्र सिंह, अमित कुमार, अनुराग सिंह (एड.), पंकज नामदेव, जगदीश, शशिभूषण सिंह, रवि श्रीवास्तव (एड.), राजू कुमार, वसीम खान, हरेंद्र कुमार, राजेश कुमार, कपिल सिंह दांगी, दिग्विजय सिंह लोधी, भागवती सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button