मथुरा

यमुना एक्सप्रेसवे पर ट्रक से टकराई स्लीपर बस

चार यात्री घायल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। नौहझील थाना क्षेत्रा स्थित यमुना एक्सप्रेसवे पर एक स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों में चीखपुकार मच गई। लोग इमरजेंसी विंडो और खिड़कियों से कूद कर भागने लगे। हादसे में कुल चार लोग घायल हुए हैं। हादसे का कारण ट्रक चालक को झपकी आना बताया गया है, जिसके कारण वह ट्रक से अपना नियंत्रण खो बैठा। पुलिस के अनुसार, जालौन के उरई से श्री श्याम ट्रेवल्स की डबलडेकर स्लीपर बस करीब 45 से 50 यात्रियों को लेकर यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते दिल्ली जा रही थी। सुबह होने के कारण बस में सवार अधिकांश यात्री गहरी नींद में सो रहे थे। माइल स्टोन 73 पर गांव सुहागपुर के पास आगे चल रहे एक ट्रक के चालक को अचानक झपकी आ गई। झपकी आने पर चालक ने बीच लेन में ट्रक को रोक दिया। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही स्लीपर बस सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर के बाद तेज धमाके की आवाज से यात्रियों में हड़कंप मच गया। चीख-पुकार के साथ भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई। टक्कर से बस का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके कारण बस का गेट नहीं खुल पाया। इससे घबराए यात्री अपनी जान बचाने के लिए खिड़कियों से कूदने लगे। घटना की सूचना मांट कंट्रोल रूम द्वारा नौहझील पुलिस को दी गई। यात्रियों का आरोप है कि हादसे के कई घंटों बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही डरे-सहमे यात्री अपने बच्चों और सामान के साथ बस से बाहर निकल चुके थे। पुलिस ने घायल हुए चार यात्रियों को सीएचसी नौहझील भिजवाया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button