बैटरी की दुकान पर छापेमारी तेजाब बरामद नोटिस जारी किया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
संभल : एक बैटरी निर्माण इकाई पर प्रशासन ने शिकायत के आधार पर छापेमार कार्रवाई की। जांच के दौरान फैक्ट्री में कई अनियमितताएं सामने आईं, जिसके बाद प्रशासन ने संचालक को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार ने बताया कि आवासीय कॉलोनी में बैटरी निर्माण की शिकायत मिलने पर निरीक्षण किया गया। जांच में पाया गया कि इकाई के पास प्रदूषण विभाग की एनओसी तो है, लेकिन उसमें निर्धारित 10 से 12 सामान्य शर्तों का पालन नहीं किया जा रहा था। मौके पर बैटरी निर्माण में इस्तेमाल होने वाला डाइल्यूटेड तेजाब भी मिला, जिसकी अनुमति संचालक के पास नहीं थी।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि फैक्ट्री में बनाई जा रही ‘हिन्द’ ब्रांड की बैटरियों के लिए ट्रेडमार्क पंजीकरण संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। हालांकि इकाई से जुड़े सोलर सिस्टम के माध्यम से एक मस्जिद को बिजली आपूर्ति होने के कारण फिलहाल दुकान को सील नहीं किया गया। प्रशासन ने इकाई को मालिक उस्मान की सुपुर्दगी में देते हुए बीएनएस की धारा 151 के तहत नोटिस जारी करने की बात कही है।
जवाब संतोषजनक न मिलने पर इकाई को बंद किया जा सकता है। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि सम्भल में प्रदूषण फैलाने वाले करीब 50 जींस वॉशिंग प्लांट भी बंद किए जा चुके हैं। ये प्लांट वर्षों से बिना ईटीपी के प्रदूषित पानी नालियों में छोड़ रहे थे। इसके अलावा हाल ही में एक बच्चे की मौत के बाद अवैध रूप से संचालित स्विमिंग पूलों के खिलाफ भी अभियान चलाया जा रहा है। बिना आवश्यक एनओसी के चल रहे पूलों को बंद कराया जा रहा है। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध और नियमों की अनदेखी कर संचालित इकाइयों में हड़कंप मचा हुआ है।



