ढेढें ग्राम में किसान गोष्ठी सह जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। गोमिया प्रखंड अंतर्गत ढेढ़े पंचायत के पैक्स भवन में सोमवार को “खेत बचाओ अभियान” एवं संतुलित उर्वरक उपयोग विषय पर सह-किसान गोष्ठी सह जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को मृदा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा जैविक एवं संतुलित खेती को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम में प्रखंड तकनीकी प्रबंधक बबलु सिंह ने किसानों को जानकारी देते हुए बताया कि यह कृषि विभाग द्वारा संचालित एक राष्ट्रव्यापी जागरूकता अभियान है। इसका मुख्य उद्देश्य रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से खराब हो रही मिट्टी की गुणवत्ता को सुधारना, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना और किसानों की आय में वृद्धि करना है। उन्होंने बताया कि “खेत बचाओ अभियान” का मूल संदेश “मिट्टी बचाओ, खेती बचाओ, किसान बचाओ” है। यह अभियान 1 जून से 30 जून तक व्यापक रूप से चलाया जा रहा है। कार्यक्रम में किसानों को संतुलित उर्वरकों एवं जैविक खाद के उपयोग, मृदा परीक्षण, मृदा स्वास्थ्य कार्ड तथा नकली बीज, खाद और कीटनाशकों की पहचान के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड तथा किसान समृद्धि योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान यह भी बताया गया कि मिलेट मिशन योजना के तहत मोटे अनाज की खेती करने वाले किसानों को प्रति एकड़ 3000 रुपये की सहायता दी जाती है, साथ ही चलंत सोलर पंप सेट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। कार्यक्रम में नोडल पैक्स अध्यक्ष मेहिलाल गोप, प्रगतिशील किसान नित्यानन्द यादव, राजू प्रसाद, गीता देवी, मालो देवी सहित कई किसान उपस्थित थे।



