हरियाणवी लोक कलाकार और रागनी गायक पेप्सी शर्मा का निधन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हरियाणवी लोक कलाकार और प्रसिद्ध रागनी गायक पेप्सी शर्मा का रविवार को निधन हो गया। अचानक सीने में दर्द उठने के बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वह 38 वर्ष के थे। अपने पीछे वह पत्नी, 10 वर्षीय बेटी और 7 वर्षीय बेटे को छोड़ गए हैं।
परिजनों के अनुसार, पेप्सी शर्मा रविवार सुबह अपने पैतृक गांव पतला पहुंचे थे। उनके भाई रिशिपाल ने बताया कि गांव आने के बाद उन्होंने अपनी मां से मुलाकात की और कुछ समय उनके साथ बिताया। बाद में वह दोस्तों के साथ बैठकर बातचीत कर रहे थे, तभी उन्हें सीने और शरीर में दर्द की शिकायत हुई।
परिजन उन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दवा देकर घर भेज दिया। घर लौटने के बाद वह अपनी मां के साथ बातचीत कर रहे थे, तभी उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई। दोबारा अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
पेप्सी शर्मा का वास्तविक नाम यशपाल शर्मा था। वह मूल रूप से गाजियाबाद के पतला गांव के निवासी थे, लेकिन मंचीय दुनिया में ‘पेप्सी शर्मा’ के नाम से पहचान बनाई। हरियाणा के अलावा उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर में भी उन्होंने अपनी रागनी प्रस्तुतियों के जरिए लोकप्रियता हासिल की थी।
हरियाणा में विभिन्न स्थानों में आयोजित होने वाले रागनी प्रतियोगिताओं में उनकी सक्रिय भूमिका रहती थी। वह केवल एक गायक ही नहीं, बल्कि अपने मजाकिया अंदाज और बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग के लिए भी दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय थे। मंच पर उनकी प्रस्तुतियां लोगों को हंसाने और मनोरंजन करने के लिए जानी जाती थीं।
उनके निधन की खबर से लोक कला और रागनी जगत में शोक की लहर है। प्रशंसक और कलाकार उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं।




