रामपुर शाहबाद
पिकअप और ई-रिक्शा की टक्कर से दो बच्चो की मौत
ई-रिक्शा सवार तीन लोग घायल, शादी समारोह से लौट रहा था परिवार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शाहबाद। क्षेत्र में मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।ढकिया गांव के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, जनपद बदायूं के बिसौली थाना क्षेत्र के मुड़िया पिशनहारी निवासी खुशी खां अपनी पत्नी शकीना और बच्चों आविद (12), नावेद (14) और अरमाना (15) के साथ शाहबाद क्षेत्र के नंदगांव में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद सभी लोग ई-रिक्शा से अपने घर लौट रहे थे।
जैसे ही ई-रिक्शा ढकिया गांव के पास पहुंचा तो सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उसमें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग सड़क पर गिर गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े।हादसे में आविद (12)और नावेद (14)की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अरमाना, शकीना और खुशी खा गंभीर रूप से घायल हो गए स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहबाद लाया गयाचिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद अरमाना की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। शकीना और खुशी खां का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया
उधर जांच में जुटी पुलिस, चालक की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मृत बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर पिकअप वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।




