मथुरा
गोवर्धन में रात को कच्चे मार्ग पर नहीं लगेगी परिक्रमा, प्रशासन की रोक

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
मथुरा। गोवर्धन में श्री गिरिराज जी की परिक्रमा के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। तलहटी मार्ग (कच्चे मार्ग) पर सांप और अन्य विषैले जीव-जंतुओं के खतरे के कारण प्रतिदिन शाम 5 बजे से सुबह 5 बजे तक परिक्रमा करने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। प्रशासन द्वारा जारी सूचना में कहा गया है कि अधिक मास में श्रद्धालुओं की संख्या में भारी वृद्धि होती है। वर्षा ऋतु और प्राकृतिक परिस्थितियों के कारण तलहटी क्षेत्र में सांपों एवं अन्य जहरीले कीड़े बाहर आ जाते हैं। इससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसी को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे रात के समय तलहटी मार्ग में प्रवेश न करें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। साथ ही श्रद्धालुओं को निर्धारित परिक्रमा मार्ग अन्यौर, पूंछरी का लौठा और जतीपुरा होते हुए परिक्रमा करने की सलाह दी गई है। अधिकारियों ने कहा है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी से सहयोग की अपेक्षा की जाती है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।



