गोड्डा

विश्वशांति पदयात्रा एवं जन-जागरूकता अभियान को लेकर पर्वतारोहियों ने उपायुक्त से की शिष्टाचार मुलाकात

पर्यावरण संरक्षण, सड़क सुरक्षा, स्वच्छता एवं सामाजिक जागरूकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
उपायुक्त ने पर्वतारोहियों के प्रयासों की सराहना करते हुए जनहित के मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाने का किया आह्वान
गोड्डा। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में विश्वशांति पदयात्रा एवं जन-जागरूकता अभियान का संचालन कर रही पर्वतारोहियों की एक टीम ने उपायुक्त लोकेश मिश्रा से शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर टीम के सदस्यों ने अपने अभियान के उद्देश्य, अब तक की उपलब्धियों तथा आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी उपायुक्त को प्रदान की।मुलाकात के दौरान टीम के सदस्यों ने बताया कि वे विश्वशांति, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न जिलों एवं क्षेत्रों में पदयात्रा कर रहे हैं। इस अभियान के माध्यम से आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों को सामाजिक उत्तरदायित्वों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। टीम ने जानकारी दी कि अब तक वे झारखंड के 21 जिलों का भ्रमण कर चुके हैं, जहां विद्यालयों, महाविद्यालयों, सामुदायिक स्थलों एवं सार्वजनिक मंचों पर विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, सड़क सुरक्षा, स्वच्छ भारत अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मतदाता जागरूकता, नशामुक्ति तथा अन्य जनहितकारी विषयों पर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में गोड्डा जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उपायुक्त ने टीम के सदस्यों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने तथा लोगों को महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण, सड़क सुरक्षा एवं सामाजिक समरसता जैसे विषय वर्तमान समय की आवश्यकता हैं और इन क्षेत्रों में जनसहभागिता बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है। उपायुक्त ने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को ऐसे जागरूकता अभियानों से जुड़ने और समाजहित में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित करने पर बल दिया। उन्होंने टीम को जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं, नागरिक कर्तव्यों एवं सामाजिक उत्तरदायित्वों के प्रति जागरूक किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर बल देते हुए लोगों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग तथा सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करने का सुझाव दिया। मुलाकात के दौरान टीम के सदस्य अवध बिहारी लाल, जितेंद्र प्रताप, महेंद्र प्रताप एवं गोविंदा नंद उपस्थित थे। सभी सदस्यों ने अपने अभियान को और अधिक व्यापक स्तर पर संचालित करने तथा समाज के विभिन्न वर्गों को जागरूक करने की प्रतिबद्धता व्यक्त किया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button