हापुड़

तेज आंधी में मकान गिरा, दंपती व बच्ची मलबे में दबे…

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

हापुड़ (यूपी) – धौलाना तहसील क्षेत्र के पिलखुवा में मंगलवार देर रात आई तेज आंधी  पिलखुवा के मुंशी नगर स्थित धोबी घाट क्षेत्र में एक परिवार के लिए आफत बनकर गई । तेज हवाओं के बीच एक जर्जर कच्चा मकान भरभराकर ढह गया , जिससे घर के अंदर सो रहा पूरा परिवार मलबे में दब गया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार , धौलाना तहसील क्षेत्र के पिलखुवा के मोहल्ला धोबी घाट छिद्दापुरी निवासी समीम पुत्र मोहम्मद सदीक का मकान काफी समय से जर्जर हालत में था। हादसे के वक्त उनका बेटा शाहनवाज (33), जो मयूरी चलाने का काम करता है, अपनी पत्नी सोनी (32), बेटे शान (3) और बेटी परी (5) के साथ घर में सो रहा था। देर रात तेज आंधी के दौरान मकान की छत अचानक गिर गई और चारों मलबे में दब गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर शाहनवाज, उसकी पत्नी और दोनों बच्चों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घायल शाहनवाज ने बताया कि पूरा परिवार गहरी नींद में था, तभी अचानक तेज आवाज के साथ मकान की छत गिर गई और वे सभी मलबे में दब गए। उन्होंने बताया कि पड़ोसियों की तत्परता से समय रहते उन्हें बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button