कैराना

किसानों पर चढ़ाने की कोशिश के बाद खेत में पलटा डंपर, फसल बर्बाद

जान बचाने को खेत में कूदे किसान, चालक पर गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। क्षेत्र के गांव गंदराऊ में बालू से भरे एक डंपर की लापरवाही से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। किसानों का आरोप है कि तेज रफ्तार डंपर चालक ने उन्हें देखकर भी वाहन नहीं रोका और उनकी ओर वाहन बढ़ा दिया। जान बचाने के लिए किसानों को खेत में कूदना पड़ा। इसके बाद अनियंत्रित डंपर खेत में पलट गया, जिससे करीब एक बीघा फसल नष्ट हो गई।
गांव गंदराऊ निवासी असजद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार शाम करीब साढ़े पांच बजे वह अपने साथियों वादिल और अफसर के साथ खेत में घास निकाल रहा था। इसी दौरान गांव की ओर से बालू से भरा डंपर जंगल की तरफ जा रहा था। चकरोड संकरी होने के कारण किसानों ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने वाहन की रफ्तार कम नहीं की।
आरोप है कि चालक ने डंपर उनकी ओर बढ़ा दिया, जिससे बचने के लिए सभी को खेत में कूदना पड़ा। इसी दौरान डंपर अनियंत्रित होकर असजद के खेत में पलट गया। हादसे में करीब एक बीघा फसल को भारी नुकसान पहुंचा।
पीड़ित का आरोप है कि डंपर पलटने के बाद चालक वाहन से उतरकर गाली-गलौज करने लगा और विरोध करने पर मारपीट पर उतारू हो गया। इसके बाद वह जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। पीड़ित किसान ने थाना कैराना में तहरीर देकर आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button