नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
शामली। जनपद में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली शामली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 19 पव्वे अवैध देशी शराब बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह के निर्देश पर जनपदभर में अवैध शराब के कारोबार में लिप्त अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में कोतवाली शामली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जुबेर पुत्र जमशेद निवासी मोहल्ला आलकलां, थाना कैराना को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस द्वारा की गई तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 19 पव्वे अवैध देशी शराब बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के निर्माण, तस्करी और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस पूरी सतर्कता के साथ कार्य कर रही है।