पाकुड़

पंचायत सचिवालय सुशासन और ग्रामीण विकास का सशक्त केंद्र बने : जिला पंचायत राज पदाधिकारी

Panchayat Secretariats should become strong hubs of good governance and rural development: District Panchayat Raj Officer

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिला पंचायत राज पदाधिकारी श्रीमती प्रीतिलता मुर्मू ने शनिवार को पाकुड़ प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत उदयनारायणपुर के पंचायत सचिवालय का निरीक्षण कर पंचायत स्तर पर संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, नागरिक सेवाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पंचायत उन्नति सूचकांक (PAI 2.0) तथा स्थानीय सतत विकास लक्ष्यों (LSDGs) के तहत किए जा रहे कार्यों का भी विस्तृत अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत राज पदाधिकारी ने पंचायत सचिवालय में अभिलेखों के संधारण, योजनाओं के क्रियान्वयन, नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता की गहन समीक्षा की। उन्होंने पंचायत कर्मियों एवं जनप्रतिनिधियों को निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए तथा सभी अभिलेखों का अद्यतन एवं सुव्यवस्थित संधारण बनाए रखा जाए। मुर्मू ने कहा कि पंचायत सचिवालय ग्रामीण प्रशासन की आधारशिला है। यह केवल योजनाओं के संचालन का केंद्र नहीं, बल्कि जनसमस्याओं के त्वरित समाधान, सुशासन की स्थापना और समावेशी विकास को गति देने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। उन्होंने पंचायत सचिवालयों को आमजन की अपेक्षाओं के अनुरूप अधिक उत्तरदायी, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने पंचायत में संचालित विकासात्मक गतिविधियों एवं प्रशासनिक कार्यों की सराहना करते हुए स्थानीय सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए सामूहिक सहभागिता, बेहतर समन्वय तथा परिणामोन्मुखी कार्य संस्कृति अपनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक (ई-पंचायत), मुखिया, पंचायत सचिव तथा अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button