बागपत
भारतीय किसान यूनियन (इंडिया) में नई नियुक्तियां, संगठन को मिलेगा मजबूती का आधार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बागपत। भारतीय किसान यूनियन (इंडिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पहलवान मुनेंद्र गुर्जर द्वारा संगठन विस्तार एवं किसान हितों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण नियुक्तियां की गई हैं। इन नियुक्तियों के तहत नवनीत बंसल डगरपुर को पश्चिम प्रदेश प्रभारी तथा विशेष गोपी को पश्चिम प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष पहलवान मुनेंद्र गुर्जर ने कहा कि संगठन लगातार किसानों की समस्याओं को लेकर संघर्ष कर रहा है और प्रदेश स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवनीत बंसल डगरपुर एवं विशेष गोपी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
नवनियुक्त पश्चिम प्रदेश प्रभारी नवनीत बंसल डगरपुर ने संगठन नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों, मजदूरों और आम जनमानस की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन की नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाने तथा किसानों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने का अभियान चलाया जाएगा।
वहीं पश्चिम प्रदेश अध्यक्ष विशेष गोपी ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे। संगठन को मजबूत बनाने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा किसानों की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि नई नियुक्तियों से पश्चिम उत्तर प्रदेश में भारतीय किसान यूनियन (इंडिया) को और अधिक मजबूती मिलेगी। किसानों के विभिन्न मुद्दों पर संगठन की सक्रियता बढ़ेगी तथा किसान हितों की लड़ाई को नई दिशा मिलेगी।
कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में संगठन किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए और अधिक प्रभावी भूमिका निभाएगा।




