खैरथल
जिला कलेक्टर ने किया ग्रामीण सेवा शिविर खानपुर मेवान का औचक निरीक्षण
अधिकाधिक पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ पहुंचाने के दिए निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश ने मंगलवार को उपखंड किशनगढ़ बास स्थित ग्रामीण सेवा शिविर खानपुर मेवान का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा प्रदान की जा रही सेवाओं, आमजन को दी जा रही सुविधाओं तथा प्राप्त आवेदनों के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की।
जिला कलेक्टर ने शिविर में उपस्थित नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को प्राप्त प्रकरणों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए शिविरों में आने वाले प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा पात्रता के अनुसार उन्हें अधिकतम लाभ प्रदान किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में आने वाले नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और अधिकतम कार्यों का निस्तारण शिविर स्थल पर ही किया जाए।
उन्होंने शिविर में लगाए गए विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आमजन के प्रति संवेदनशीलता एवं सकारात्मक व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने जन स्वास्थ्य एंव अभियांत्रिकी विभाग को प्रत्येक शिविर में गांव की पानी का सैंपल लेकर गुणवत्ता को जांचने के निर्देश भी दिये। कृषि विभाग को विभागीय योजनाओं की जानकारी, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की पॉलिसी वितरण पात्र लाभार्थी को करने के निर्देश दिए।
उन्होंने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को एनएफएसए पोर्टल पर लंबित प्रकरणों का निस्तारण, नए पात्र परिवारों एवं सदस्यों की आधार सीडिंग, ई-केवाईसी एवं एलपीजी आईडी मैपिंग का कार्य करने के निर्देश दिए ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं से वंचित न रहे। उन्होंने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग को सामाजिक सुरक्षा पेंशन सत्यापन, पालनहार योजना में पंजीयन एवं नवीनीकरण, दिव्यांगजनों से संबंधित प्रकरणों का निस्तारण मौके पर शिविर में ही करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय स्तर पर केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के आवेदनों का निस्तारण मौके पर करने के निर्देश दिए, उन्होंने कहा यथासंभव सभी योजनाओं का लाभ शिविरों में लाभार्थी को दिया जाए। साथ ही शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जाए ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने विभिन्न सेवाओं का लाभ लिया ।


