रांची

राज्यसभा चुनाव की पूर्व संध्या पर आरएसएस कार्यालय पर बमकांड की निष्पक्ष जांच हो- विजय शंकर नायक

There should be an impartial investigation into the bombing incident at the RSS office on the eve of the Rajya Sabha elections – Vijay Shankar Nayak.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने रांची स्थित आरएसएस कार्यालय पर हुई बमबाजी की घटना को अत्यंत गंभीर बताते हुए इसकी निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव की पूर्व संध्या पर हुई इस घटना का समय कई महत्वपूर्ण सवाल खड़े करता है और इसकी सच्चाई सामने आनी चाहिए। नायक ने कहा कि जब पूरा राज्य राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया पर केंद्रित है, ऐसे समय में इस प्रकार की घटना को महज संयोग मान लेना जल्दबाजी होगी। लोकतंत्र में भय, तनाव और राजनीतिक ध्रुवीकरण का वातावरण किसी के हित में नहीं है। इसलिए सभी राजनीतिक दलों को जांच पूरी होने तक संयम बरतना चाहिए तथा बिना तथ्यों के आरोप-प्रत्यारोप और भावनात्मक बयानबाजी से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि यह घटना किसी सुनियोजित साजिश का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य चुनावी माहौल को प्रभावित करना, सहानुभूति प्राप्त करना अथवा कानून-व्यवस्था को लेकर भ्रम की स्थिति उत्पन्न करना है, तो इसकी सच्चाई सामने आनी चाहिए। वहीं यदि इसके पीछे कोई अन्य असामाजिक तत्व हैं, तो उन्हें भी कानून के दायरे में लाकर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का स्पष्ट मत है कि दोषी चाहे किसी भी संगठन, दल या विचारधारा से जुड़े हों, उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। लोकतंत्र में हिंसा और भय का कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि झारखंड की गठबंधन सरकार (जेएमएम- कांग्रेस- आरजेडी) कानून- व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक जांच और डॉग स्क्वॉड की सहायता से मामले की जांच की जा रही है। नायक ने कहा कि राज्यसभा चुनाव के दौरान इस प्रकार की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से शांति एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि बिना साक्ष्य के किसी भी प्रकार का राजनीतिक निष्कर्ष निकालने से बचना चाहिए। गठबंधन सरकार किसी भी प्रकार की साजिश या ध्रुवीकरण की राजनीति को सफल नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव जनता के विश्वास से जीते जाते हैं, भय, हिंसा या संदिग्ध घटनाओं के सहारे नहीं। इसलिए इस पूरे मामले की सच्चाई सामने आना राज्य और लोकतंत्र दोनों के हित में आवश्यक है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक साक्ष्य और अन्य तकनीकी पहलुओं की विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र सार्वजनिक की जाए, ताकि किसी प्रकार की अफवाह या राजनीतिक भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button