खैरथल

जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश ने किया जन आषधि केंद्र उद्घाटन

अस्पताल व्यवस्थाओं का लिया जायजा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं एवं किफायती दरों पर दवाइयां उपलब्ध कराने हेतु जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश द्वारा गुरुवार को खैरथल स्थित सेटेलाइट हॉस्पिटल परिसर में प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री जन औषधि योजना का उद्देश्य आम नागरिकों को ब्रांडेड दवाइयों के समान गुणवत्ता वाली जेनेरिक दवाइयां बेहद कम कीमत पर उपलब्ध कराना है। जन औषधि केंद्र पर लगभग 1050 प्रकार की दवाइयां उपलब्ध हैं, जो बाजार मूल्य की तुलना में 30 प्रतिशत से लेकर 90 प्रतिशत तक कम दरों पर आमजन को उपलब्ध कराई जाती हैं। इससे विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर एवं मध्यम वर्गीय परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।
उद्घाटन के पश्चात जिला कलेक्टर ने सेटेलाइट हॉस्पिटल का निरीक्षण कर विभिन्न वार्डों एवं चिकित्सा इकाइयों का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही वार्डों में उपयोग होने वाली चादरों को नियमित रूप से बदलने एवं मरीजों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने चिकित्सा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा भी की। उन्होंने सभी योजनाओं का साप्ताहिक कार्य कार्यक्रम (वीकली शेड्यूल) तैयार कर नियमित मॉनिटरिंग करने तथा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
जिला कलेक्टर ने अस्पताल में उपलब्ध जांच सुविधाओं का भी अवलोकन किया। पीएमओ नितिन शर्मा ने बताया कि सेटेलाइट हॉस्पिटल में अब जांच सुविधाओं का विस्तार किया गया है तथा वर्तमान में यहां 140 प्रकार की विभिन्न जांचें उपलब्ध हैं। इनमें विटामिन जांच, हार्मोन प्रोफाइल, कैंसर, ट्यूमर संबंधी जांचें सहित अनेक महत्वपूर्ण परीक्षण स्थानीय स्तर पर ही किए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने स्वयं भी अस्पताल में अपना नियमित स्वास्थ्य परीक्षण (रूटीन चेकअप) कराया तथा उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। इस अवसर पर चिकित्सा विभाग के अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी रूपेश तथा अन्य अधिकारी, चिकित्सकगण एवं अस्पताल स्टाफ उपस्थित रहा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button