उपासना मरांडी के प्रयास से तमिलनाडु से प्रतापपुर पहुंचा अरुणा टुडू का शव
Aruna Tudu's body reaches Pratappur from Tamil Nadu through the efforts of Upasana Marandi.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
महेशपुर, पाकुड़। झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी के विशेष प्रयास से महेशपुर प्रखंड के प्रतापपुर गांव निवासी अरुणा टुडू का शव तमिलनाडु से एंबुलेंस के माध्यम से उनके पैतृक गांव लाया गया। इस मानवीय पहल की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। जानकारी के अनुसार, प्रतापपुर निवासी झामुमो कार्यकर्ता सिलिफोन हेंब्रम अपनी पत्नी अरुणा टुडू के साथ रोजगार की तलाश में कुछ समय पूर्व तमिलनाडु स्थित एक निजी कंपनी में कार्य करने गए थे। इसी दौरान अरुणा टुडू की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इलाज के क्रम में उनकी मृत्यु हो गई, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों ने बताया कि कंपनी प्रबंधन शव का अंतिम संस्कार तमिलनाडु में ही कराने पर जोर दे रहा था। ऐसी स्थिति में परिवार अपने प्रियजन के अंतिम दर्शन और पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार अंतिम संस्कार करने से वंचित होने की आशंका से चिंतित था। मामले की जानकारी मिलने के बाद झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी ने तत्काल पहल करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं अन्य माध्यमों से संपर्क साधा। उनके लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप मृतका का शव एंबुलेंस के माध्यम से तमिलनाडु से प्रतापपुर लाने की व्यवस्था की गई। शव गांव पहुंचने पर उपासना मरांडी ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। मृतका के परिजनों एवं ग्रामीणों ने उपासना मरांडी के इस मानवीय प्रयास के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग के बिना शव को तमिलनाडु से गांव लाना संभव नहीं हो पाता।



