साहेबगंज

अगलोई में पूर्व मंत्री आलमगीर आलम का जनसंवाद कार्यक्रम, विकास और मतदाता पुनरीक्षण पर दिया जोर

Former Minister Alamgir Alam holds a public outreach program in Agloi; emphasizes development and voter list revision.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
साहेबगंज। जिले के बरहरवा प्रखंड के अगलोई पंचायत में गुरुवार को आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों की भारी उपस्थिति के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में झारखंड सरकार के पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। लंबे समय बाद क्षेत्र में पहुंचे पूर्व मंत्री का कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने फूल-मालाओं, बुके और शॉल भेंट कर भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकतुल्लाह खान ने कहा कि आलमगीर आलम के कार्यकाल में पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा गया। उन्होंने पूर्व मंत्री को क्षेत्र का जननायक बताते हुए कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सदैव बनी रही है। अपने संबोधन में पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने क्षेत्र की जनता और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान कठिन परिस्थितियों के बावजूद जनता ने उन पर विश्वास कायम रखा। उन्होंने कहा कि उनकी अपील पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने घर-घर जाकर वर्तमान विधायक निसात आलम के पक्ष में जनसमर्थन जुटाया, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें रिकॉर्ड मतों से जीत मिली। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास और स्नेह उनकी सबसे बड़ी ताकत है। क्षेत्र के लोगों से उनका आत्मीय संबंध वर्षों पुराना है और वे हमेशा जनता के सुख-दुख में साथ खड़े रहेंगे। जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान आलमगीर आलम ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची पुनरीक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे, इसके लिए सभी कार्यकर्ता लोगों को जागरूक करें और आवश्यक सहयोग प्रदान करें। क्षेत्रीय विकास के मुद्दे पर उन्होंने आश्वस्त किया कि पंचायत एवं आसपास के क्षेत्रों में लंबित विकास कार्यों को पूरा कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए उनका संघर्ष निरंतर जारी रहेगा। कार्यक्रम में बरकतुल्लाह खान, रंजीत टुडू, मोफकर हुसैन, मोरसलिम खान, अख्तरुल, रबीउल इस्लाम, नवीद अंजुम, दिलदार आलम, काजल, मो. रफीक, नेहाल अख्तर, महबूब आलम, शारिक रब्बानी सहित कांग्रेस पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button