मुहर्रम को लेकर पाकुड़ पुलिस का फ्लैग मार्च, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील
Pakur Police conduct flag march ahead of Muharram; appeal to maintain peace and harmony.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। मुहर्रम पर्व-2026 को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर पाकुड़ जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर गुरुवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में संयुक्त फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च पाकुड़ नगर थाना, मालपहाड़ी ओपी, हिरणपुर थाना एवं पाकुड़िया थाना क्षेत्रों में आयोजित किया गया। इस दौरान अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, थाना प्रभारी, पुलिस निरीक्षक, ओपी प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे। नगर थाना क्षेत्र में फ्लैग मार्च की शुरुआत सिद्धू-कान्हू पार्क से हुई, जो रविंद्र चौक, अटल चौक, हाटपाड़ा, बिरसा चौक, अंबेडकर चौक, गांधी चौक, विवेकानंद चौक होते हुए मौलाना चौक तक पहुंची। वहीं मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र में सीतापहाड़ी, नबीनगर होते हुए नसीपुर तक, हिरणपुर क्षेत्र में बाजार, मोहनपुर, तोड़ाई, विपतपुर, खजूरडंगा सहित विभिन्न इलाकों तथा पाकुड़िया थाना क्षेत्र में बाजार, मंगलाबांध, झरना मोड़ एवं सिद्धू-कान्हू चौक तक फ्लैग मार्च किया गया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की कि वे मुहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द के साथ मनाएं। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की अफवाह, अशांति या कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी संवेदनशील स्थानों, धार्मिक स्थलों एवं चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके अलावा क्यूआरटी टीमों को भी पूरी तैयारी के साथ 24 घंटे अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है। फ्लैग मार्च में पुलिस जवानों ने हेलमेट, लाठी, बॉडी प्रोटेक्टर, टीजी गन, वाटर कैनन सहित सुरक्षा एवं दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ भाग लिया। प्रशासन ने कहा कि मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।


