शामली
ऑपरेशन क्लीन के तहत थानाभवन पुलिस ने 36 वर्षों के मुकदमाती माल का किया निस्तारण
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली/थानाभवन। उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा संचालित “ऑपरेशन क्लीन” अभियान के अंतर्गत शनिवार को थाना थानाभवन परिसर में वर्ष 1989 से 2025 तक के विभिन्न आपराधिक मामलों से संबंधित मुकदमाती माल का विधिक प्रक्रिया के तहत विनिष्टीकरण (निस्तारण) किया गया। पूरी कार्रवाई माननीय न्यायालय के आदेश एवं प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई।
जिलाधिकारी आलोक यादव एवं पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन में गठित समिति की उपस्थिति में मालखाने में सुरक्षित रखे आबकारी अधिनियम, शस्त्र अधिनियम, जुआ अधिनियम, चोरी, हत्या, दुष्कर्म एवं छेड़छाड़ से संबंधित कुल 420 अभियोगों के मुकदमाती माल का नियमानुसार निस्तारण किया गया।
निस्तारण के दौरान 154 आबकारी अधिनियम के मामलों में जब्त 3153 लीटर अवैध शराब को नष्ट किया गया। वहीं 140 शस्त्र अधिनियम के मुकदमों से संबंधित तमंचे एवं चाकू भी विनष्ट किए गए। जुआ एवं चोरी से जुड़े 31 मामलों में बरामद 25,453 रुपये की धनराशि को राजकीय कोषागार में जमा कराने की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके अतिरिक्त गौवंश संरक्षण अधिनियम के 5 मामलों तथा हत्या, दुष्कर्म एवं छेड़छाड़ से जुड़े 90 अभियोगों के पुलिंदे एवं पार्चाजात भी नियमानुसार नष्ट किए गए।
इस दौरान गठित समिति में नायब तहसीलदार गौरव कुमार, क्षेत्राधिकारी श्याम सिंह, सहायक अभियोजन अधिकारी श्रीचंद, आबकारी निरीक्षक विनय कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक बिजेंद्र सिंह रावत तथा हेड मोहर्रिर इकलाख अहमद मौजूद रहे।
पूरी प्रक्रिया की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कराकर पारदर्शिता सुनिश्चित की गई। अधिकारियों ने बताया कि मुकदमाती माल के समयबद्ध निस्तारण से मालखानों में लंबित वस्तुओं का सुरक्षित एवं विधिसम्मत प्रबंधन सुनिश्चित होता है।