बेतुल
बैतूल इंडियन ओवरसीज बैंक ने दुर्घटना बीमा का 20 लाख का क्लेम सौंपा
बैंक की त्वरित कार्रवाई से मृत खाताधारक के परिवार को मिली 20 लाख की राहत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। दुर्घटना में मृत खाताधारक के परिवार को आर्थिक संबल प्रदान करते हुए इंडियन ओवरसीज बैंक, बैतूल शाखा ने एसबीआई जनरल इंश्योरेंस की दुर्घटना बीमा योजना के तहत 20 लाख रुपये की क्लेम राशि नामांकित सदस्य को सौंप दी। बैंक की त्वरित एवं पारदर्शी प्रक्रिया की हितग्राही परिवार और क्षेत्रवासियों ने सराहना की।
जानकारी के अनुसार, बॉसनेरकला निवासी निलेश धोटे, पिता देवीदास धोटे की एक दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। उनका बचत खाता इंडियन ओवरसीज बैंक की बैतूल शाखा में संचालित था। बचत खाते के माध्यम से उन्होंने एसबीआई जनरल इंश्योरेंस का दुर्घटना बीमा कराया हुआ था, जिसके लिए प्रतिवर्ष 750 रुपये की प्रीमियम राशि उनके खाते से कटती थी।
खाताधारक की मृत्यु के बाद इंडियन ओवरसीज बैंक की बैतूल शाखा ने बीमा क्लेम की प्रक्रिया को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक औपचारिकताएं समय पर पूरी कराईं। इसके बाद बीमा कंपनी द्वारा 20 लाख रुपये की क्लेम राशि स्वीकृत की गई, जिसे नामांकित सदस्य एवं मृतक की पत्नी श्रीमती संध्या धोटे को प्रदान किया गया।
इस क्लेम को सुगमता से स्वीकृत कराने और पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने में शाखा प्रबंधक राहुल कश्यप, उप प्रबंधक सुशील विश्वकर्मा तथा बैंक के सहकर्मी अयाज़ कुरैशी, दिख्या दीक्षित, प्रीतम यादव और युवराज सिंह की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही। बैंक प्रबंधन की त्वरित पहल, संवेदनशील कार्यशैली और सहयोगपूर्ण रवैये की हितग्राही परिवार सहित क्षेत्रवासियों ने प्रशंसा करते हुए इसे जरूरतमंद परिवार के लिए बड़ी राहत बताया।



