भरत पुर
आबादी के बीच संचालित कबाड़ गोदामों को हटाने की मांग
पूर्व विधायक के नेतृत्व में एएसपी को सौंपा ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
भरतपुर । भरतपुर–बयाना स्टेट हाईवे पर स्थित भीमनगर क्षेत्र में घनी आबादी के बीच संचालित कबाड़ की दुकानों और गोदामों को हटाने की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने मंगलवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरिराम कुमावत को ज्ञापन सौंपा। पूर्व विधायक ग्यारसाराम कोली के नेतृत्व में दिए गए इस ज्ञापन में कबाड़ कारोबार से क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण, यातायात अव्यवस्था और सुरक्षा संबंधी खतरों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया है कि रिहायशी क्षेत्र में संचालित कबाड़ कारोबार के कारण स्थानीय लोगों को लंबे समय से गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। आरोप लगाया गया कि कबाड़ में पड़े पुराने टायर, प्लास्टिक और इलेक्ट्रॉनिक तारों को जलाए जाने से जहरीला धुआं निकलता है, जिससे वायु प्रदूषण बढ़ रहा है और आसपास रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों ने यह भी कहा कि कबाड़ के रूप में सड़क किनारे पुराने ट्रक, रिक्शे और अन्य वाहन खड़े किए जाने से यातायात बाधित होता है। स्टेट हाईवे पर इस स्थिति के कारण दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है। इसके अलावा कबाड़ गोदामों में चलने वाली मशीनों और हथौड़ों के शोर से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने की बात भी ज्ञापन में कही गई है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि क्षेत्र में फैली गंदगी और अव्यवस्था से शहर में प्रवेश करने वाले लोगों के सामने बयाना की छवि प्रभावित होती है। साथ ही, कबाड़ कारोबार के चलते बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ने से स्थानीय लोगों में असुरक्षा की भावना भी बनी रहती है। लोगों ने आशंका जताई कि यदि कबाड़ गोदामों में आग लगने जैसी कोई घटना होती है, तो घनी आबादी होने के कारण बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन को बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी तहसील प्रशासन को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मांग की कि जनहित और सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आबादी के बीच संचालित सभी कबाड़ की दुकानों और गोदामों को तत्काल बंद कर उन्हें शहर से बाहर निर्धारित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।


