
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बरेली : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बरेली में ‘राधेश्याम रामायण’ के रचयिता पंडित राधेश्याम कथावाचक की प्रतिमा का अनावरण किया और जीआईसी ऑडिटोरियम का नाम ‘पंडित राधेश्याम कथावाचक स्मृति भवन’ करने की घोषणा की।
‘विरासत का सम्मान ही विकास का आधार’
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो समाज अपनी विरासत का सम्मान करता है, वही आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा कि वाल्मीकि और तुलसीदास की तरह आधुनिक काल में पंडित राधेश्याम ने रामकथा को जन-जन तक पहुंचाया।
CM ने पंडित राधेश्याम के आवास को संग्रहालय बनाने की घोषणा की। इसमें उनकी पांडुलिपियां और स्मृतियां संरक्षित की जाएंगी। राज्य सरकार पूरा सहयोग करेगी।
नेत्र परीक्षण अभियान शुरू
मुख्यमंत्री ने दीप चैरिटेबल ट्रस्ट के निःशुल्क नेत्र परीक्षण अभियान को हरी झंडी दिखाई। अभियान के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में मुफ्त जांच, दवा और चश्मे उपलब्ध कराए जाएंगे।
विकास कार्यों की समीक्षा, अपराधियों पर कार्रवाई के सख्त निर्देश
प्रतिमा अनावरण के बाद मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस में बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन के अधूरे कार्य शीघ्र पूरे हों और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराई जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराधियों, माफियाओं, भू-माफिया, अवैध खनन और बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
कार्यक्रम में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, मंत्री धर्मपाल सिंह, डॉ. अरुण कुमार, महापौर डॉ. उमेश गौतम, सांसद छत्रपाल गंगवार, विधायक संजीव अग्रवाल, डॉ. राघवेंद्र शर्मा, DM अविनाश सिंह, SSP अनुराग आर्य समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।




