बरेली
बरेली में चंद्रशेखर आजाद की महारैली, बोले- धर्म नहीं, जनता खतरे में है

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। कैंट विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद की सत्ता एवं व्यवस्था परिवर्तन महारैली आयोजित हुई। रैली पार्टी के कैंट प्रत्याशी अच्छन अंसारी के समर्थन में हुई, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे। रैली के बाद रोहिलखंड यूनिवर्सिटी से कांशीराम भवन, कटरा चांद खां तक रोड शो निकाला गया।
महारैली में चंद्रशेखर ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूल तभी सुधरेंगे जब अधिकारियों, मंत्रियों और मुख्यमंत्री के बच्चे गरीब बच्चों के साथ पढ़ेंगे। सरकारी अस्पतालों में भी समान इलाज की व्यवस्था होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि नोएडा, गुरुग्राम और मुंबई में रोजगार पैदा हो सकता है तो बरेली में क्यों नहीं। आशा, आंगनवाड़ी और पंचायत सहायकों के मानदेय को बहुत कम बताते हुए सम्मानजनक वेतन की मांग उठाई। पुलिसकर्मियों के लिए 8 घंटे ड्यूटी और साप्ताहिक अवकाश का मुद्दा भी उठाया।
कानून व्यवस्था पर राम नवल मौर्य, विनोद साहनी, रमेश कोरी की हत्या और हाथरस की मनीषा वाल्मीकि मामले का जिक्र किया। कहा कि उत्तर प्रदेश में धर्म खतरे में नहीं, जनता खतरे में है।
इस दौरान प्रदेश महासचिव विकास बाबू एडवोकेट, मंडल अध्यक्ष सुशील गौतम, जिला अध्यक्ष दुर्वेश अली अंसारी, प्रत्याशी अच्छन अंसारी, महानगर अध्यक्ष शिवम भारती सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे।



