हिमांशु हत्याकांड पर CM हेमंत सोरेन का बड़ा एक्शन, जमशेदपुर SSP और सरायकेला SP निलंबित
CM Hemant Soren takes major action in Himanshu murder case; Jamshedpur SSP and Seraikela SP suspended.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची/जमशेदपुर। जमशेदपुर के चर्चित हिमांशु हत्याकांड के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। विधि-व्यवस्था बनाए रखने में कथित विफलता और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं रख पाने के आरोप में पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) और सरायकेला-खरसावां की पुलिस अधीक्षक (SP) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। दोनों अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। मुख्यमंत्री ने मंगलवार देर शाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि जनता की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लिखा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में लापरवाही और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में विफलता के कारण यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही या जवाबदेही से बचने की अनुमति नहीं दी जायेगी। मुख्यमंत्री ने चाईबासा के आयुक्त और रांची के ADG को संबंधित क्षेत्र में लगातार कैंप कर प्रतिदिन स्थिति की समीक्षा करने का निर्देश दिया है। वहीं, DIG को जमशेदपुर में रहकर कानून-व्यवस्था की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
क्या है मामला?
जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित ‘डबल डाउन’ बार में किसी बात को लेकर हिमांशु और उसके दोस्त प्रत्युष की कुछ युवकों से कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि इसके बाद बार के बाहर बदमाशों ने दोनों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल हिमांशु की इलाज के दौरान टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में मौत हो गई, जबकि प्रत्युष का उपचार जारी है। घटना के बाद शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिली। व्यापारिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने अपराध पर नियंत्रण को लेकर पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाए। वहीं, विपक्षी दलों ने भी इस घटना को लेकर राज्य सरकार की कार्यशैली पर निशाना साधा। मुख्यमंत्री की इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। अब पूरे मामले की जांच और आगे की प्रशासनिक कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।


