बेतुल
बैतूल निजी स्कूलों पर कमीशनखोरी का आरोप, कलेक्टर से जांच की मांग
तय दुकानों से ड्रेस खरीदने के मामले में शिकायत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। जिले के निजी शिक्षण संस्थानों में ड्रेस, किताबों और अन्य शैक्षणिक सामग्री की खरीद को लेकर कथित अनियमितताओं तथा कमीशनखोरी के आरोपों के बीच आजाद समाज पार्टी के प्रदेश कोर कमेटी सदस्य पंकज अतुलकर ने जिला कलेक्टर से शिकायत कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
जिला कलेक्टर को सौंपे गए शिकायत पत्र में पंकज अतुलकर ने आरोप लगाया है कि बैतूल जिले के कई निजी शिक्षण संस्थानों में अभिभावकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि स्कूल ड्रेस कोड का पालन कराने के नाम पर संस्थाएं एक या कुछ चुनिंदा कपड़ा व्यवसायियों को ही अधिकृत कर देती हैं, जिससे कथित कमीशनखोरी का खेल चलता है। शिकायत के अनुसार लगभग 300 रुपये की ड्रेस 1000 रुपये तक, 50 रुपये के मोजे 100 रुपये में तथा 200 रुपये के जूते 500 रुपये तक में बेचे जा रहे हैं।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कॉपी, पुस्तक, पेन, बैग सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री की खरीद में भी अनियमितताएं की जा रही हैं। सीबीएसई पाठ्यक्रम के नाम पर विद्यार्थियों को स्थानीय लेखकों की पुस्तकें खरीदने के लिए मजबूर किया जाता है और उनकी कीमत भी सामान्य से अधिक वसूली जाती है। इससे अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है तथा शासन के नियमों की भी अनदेखी की जा रही है।
शिकायत में उदाहरण देते हुए उल्लेख किया गया है कि एलएफएस, सतपुड़ा सहित अन्य स्कूलों की ड्रेस बैतूल गंज स्थित नंदा गारमेंट्स से ही उपलब्ध कराई जाती है, जबकि आरडी, सांदीपनि सहित अन्य शिक्षण संस्थानों की ड्रेस श्रीराम माल और श्याम वस्त्र जैसी चिन्हित दुकानों पर ही उपलब्ध होने का आरोप लगाया गया है।
पंकज अतुलकर ने जिला कलेक्टर से पूरे मामले की जांच कर निजी शिक्षण संस्थानों में कथित कमीशनखोरी और असंवैधानिक नीतियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि यदि जांच में लापरवाही या नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित संस्थानों के विरुद्ध विधिवत कार्रवाई की जाए, ताकि अभिभावकों को राहत मिल सके।



