बागपत
छपरौली में दस दिवसीय निःशुल्क योग एवं मेडिटेशन शिविर का भव्य समापन
विद्यार्थियों ने दिखाया दमखम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
छपरौली/बागपत : नगर स्थित ऐम एजुकेशन पब्लिक स्कूल में आयोजित दस दिवसीय निःशुल्क योग एवं मेडिटेशन शिविर का भव्य समापन समारोह उत्साह, अनुशासन और देशभक्ति के माहौल में संपन्न हुआ। समापन अवसर पर प्रतिभागी विद्यार्थियों ने योगासन, पीटी, सूर्य नमस्कार, भूमि नमस्कार, जूडो-कराटे, डंबल, लेजियम, लाठी संचालन, पिरामिड निर्माण तथा लकड़ी मलखंभ जैसे आकर्षक और साहसिक प्रदर्शन कर उपस्थित जनसमूह की खूब वाहवाही लूटी।
समारोह का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। आयोजकों ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिन्ह, पगड़ी और पटका पहनाकर सम्मानित किया। शिविर में दस दिनों तक नियमित सहभागिता करने वाले शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में वियतनाम से आए डॉ. शिवम मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि “माता निर्माता भवति” अर्थात माता ही श्रेष्ठ संतानों का निर्माण करती है। उन्होंने कहा कि संस्कारों से युक्त वैदिक शिक्षण संस्थान मानव निर्माण की वास्तविक कार्यशालाएं हैं। यदि विद्यार्थी समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना के साथ शिक्षा ग्रहण करें तो वे न केवल अपने परिवार बल्कि देश का भी उज्ज्वल भविष्य बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और सामाजिक उत्तरदायित्व निभाना भी होना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि डॉ. तेजबीर सिंह खोखर ने कहा कि वर्तमान समय में युवा पीढ़ी तेजी से नशे जैसी बुराइयों की ओर आकर्षित हो रही है, जो समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि बच्चों को संस्कारवान बनाने और उन्हें दुर्गुणों से दूर रखने के लिए इस प्रकार के योग एवं मेडिटेशन शिविरों का नियमित आयोजन आवश्यक है। योग, अनुशासन और नैतिक शिक्षा से ही स्वस्थ एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव है।
उन्होंने कहा कि बेटा हो या बेटी, दोनों को समान रूप से संस्कार, अनुशासन और राष्ट्र सेवा की भावना से जोड़ना समय की आवश्यकता है। ऐसे शिविर युवाओं में आत्मविश्वास, शारीरिक क्षमता और मानसिक संतुलन विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रवर्धन ने की, जबकि संचालन जितेंद्र आर्य ने प्रभावशाली ढंग से किया। पूरे समारोह के दौरान विद्यार्थियों के शानदार प्रदर्शन ने सभी अतिथियों और अभिभावकों को प्रभावित किया।
इस अवसर पर विश्वास त्यागी, कपिल आचार्य, हरेन्द्र फौजी, रवि शास्त्री, डीजीसी भूपेन्द्र वशिष्ठ, कैप्टन धर्मेंद्र, सोनू कश्यप, नरेन्द्र आर्य, धर्मेंद्र, विशाल योगी, आर.आर.डी. उपाध्याय, हिमांशु, रामकुमार, ब्रजेश शर्मा, आलोक शास्त्री, जोनी शर्मा, मुकेश, डॉ. रविन्द्र, सविता आर्य, संगीता सहित अनेक गणमान्य नागरिक, शिक्षक, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
समापन समारोह के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों, शिक्षकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनजागरण एवं संस्कार निर्माण के कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया।
