
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के सिंधीपाड़ा में 28/29 जून 2026 की रात दो बंद घरों में हुई चोरी की सनसनीखेज वारदात का पाकुड़ पुलिस ने महज एक सप्ताह के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में अंतरराज्यीय चोरी गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की । आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गये सोने- चांदी के आभूषण, लैपटॉप, कांसे के बर्तन, नकदी, पुराने नोट-सिक्के सहित घटना में प्रयुक्त औजार और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस अधीक्षक के मुताबिक अज्ञात चोरों ने बंद पड़े दो मकानों का ताला तोड़कर सोना-चांदी के आभूषण, एक लैपटॉप, कांसे के बर्तन, नगद राशि समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया था। पीड़ितों के आवेदन के आधार पर नगर थाना में कांड संख्या 159/2026 एवं 160/2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। एसआईटी ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक सप्ताह के भीतर मामले का सफल उद्भेदन कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मालदा (पश्चिम बंगाल) के कलियाचक थाना क्षेत्र निवासी जायदुल शेख उर्फ लठ्ठो शेख (35), शरीफ शेख उर्फ मिठु शेख (32), इशा शेख उर्फ मो. इशा शेख (28) तथा रोयस मिर्जा (38) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 7.06 ग्राम पिघला हुआ सोना, 97.620 ग्राम पिघली हुई चांदी, एक यामाहा आर-15 मोटरसाइकिल, डेल कंपनी का लैपटॉप, कांसे के कई बर्तन, पुराने नोट एवं सिक्के, चोरी के दौरान चेहरा छिपाने में इस्तेमाल दो गमछे, एक बेडशीट तथा पेचकस, सब्बल और सलाई रेंच जैसे औजार बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने नगर थाना क्षेत्र में पूर्व में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। चारों आरोपियों के खिलाफ झारखंड और पश्चिम बंगाल के विभिन्न थानों में चोरी, डकैती, एनडीपीएस, आर्म्स एक्ट तथा अन्य गंभीर धाराओं के कई मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी कर रही है। इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव के नेतृत्व में नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता, तकनीकी शाखा के सुकदेव साहा सहित नगर थाना के कई पुलिस पदाधिकारी एवं रिजर्व गार्ड की टीम शामिल रही। पुलिस ने इसे जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता बताया है।



