
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। समाजवादी पार्टी कार्यालय पर महान बंजारा समाज के गौरव एवं सिख इतिहास के अमर सेवक लक्खी शाह बंजारा की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने तथा महानगर अध्यक्ष शमीम खाँ सुल्तानी के संयोजन में हुआ।
कार्यक्रम का संचालन महासचिव पंडित दीपक शर्मा ने किया।
इस अवसर पर पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने लक्खी शाह बंजारा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि एवं नमन किया।
जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने कहा कि लक्खी शाह बंजारा साहस, त्याग और मानवता के प्रतीक थे। उन्होंने अपने प्राणों की परवाह किए बिना सिखों के नौवें गुरु, गुरु तेग बहादुर के पार्थिव शरीर का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कर इतिहास में अमिट स्थान बनाया। उनका जीवन अन्याय के विरुद्ध संघर्ष और धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा का प्रेरणास्रोत है।
महानगर अध्यक्ष शमीम खाँ सुल्तानी ने कहा कि महापुरुषों का जीवन समाज को सत्य, साहस, सेवा और समर्पण की राह दिखाता है। कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं ने उनके जीवन से प्रेरणा लेकर सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और मानव सेवा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में महासचिव पंडित दीपक शर्मा, जिला के निवर्तमान कोषाध्यक्ष अशोक यादव, सिंपल कन्नौजिया, पूर्व ब्लॉक प्रमुख विजेंद्र पटेल, पूर्व प्रमुख नरेश सोलंकी, कैंट विधानसभा अध्यक्ष हरिओम प्रजापति, प्रमोद यादव एड., हरिशंकर यादव, मुश्ताक खान, जितेंद्र मुंडे, राम सेवक प्रजापति, जोगेंद्र पटेल, अनिल पटेल, छात्र सभा जिलाध्यक्ष अविनाश मिश्रा, अनुसूचित जाति एवं जन जाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष रामवीर दिवाकर, प्रबुद्ध सभा जिलाध्यक्ष अतुल पाराशरी, भानू प्रताप सिंह आदि प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।



