उपासना मरांडी के प्रयास से नुनबट्टा जिलिञ टोला की जर्जर सड़क की मरम्मत शुरू
Repair work on the dilapidated road in Nunbatta Jilin Tola has begun through the efforts of Upasana Marandi.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। महेशपुर प्रखंड के छक्कुधारा पंचायत अंतर्गत नुनबट्टा के जिलिञ टोला की करीब 1.5 किलोमीटर लंबी जर्जर सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू हो गया है। बताया गया कि यह पहल झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी के प्रयास से संभव हो सकी। सड़क पर डस्ट बिछाकर उसे समतल किया जा रहा है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। ग्रामीणों के अनुसार, यह सड़क लंबे समय से बदहाल स्थिति में थी। विशेषकर बरसात के मौसम में सड़क पर कीचड़ और बड़े-बड़े गड्ढे बन जाने से पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता था। स्कूली बच्चों, किसानों, मरीजों और महिलाओं को प्रतिदिन इसी मार्ग से आवागमन के दौरान काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। बताया गया कि झामुमो के सक्रिय कार्यकर्ता राजेन मुर्मू ने सड़क की जर्जर स्थिति से उपासना मरांडी को अवगत कराया। इसके बाद उन्होंने पहल करते हुए सड़क मरम्मत के लिए डस्ट उपलब्ध कराया, जिसके बाद मरम्मत कार्य शुरू कराया गया। सड़क मरम्मत शुरू होने पर ग्रामीणों ने खुशी जताई और कहा कि इससे गांव में आवागमन सुगम होगा तथा स्कूली बच्चों सहित सभी ग्रामीणों को राहत मिलेगी। उपासना मरांडी ने कहा कि क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना उनकी जिम्मेदारी है और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए वे लगातार प्रयास करती रहेंगी। मरम्मत कार्य शुरू होने पर ग्रामीणों ने उपासना मरांडी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल से गांव के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।



