झारखंड में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार, टेक्सटाइल व निवेश प्रोत्साहन नीति-2026 का ड्राफ्ट जारी
New momentum for industrial development in Jharkhand; draft of Textile and Investment Promotion Policy-2026 released.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। झारखंड में औद्योगिक विकास को गति देने और निवेश के नए अवसर सृजित करने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। उद्योग निदेशालय ने झारखंड टेक्सटाइल, परिधान एवं फुटवियर नीति-2026 तथा झारखंड औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन नीति (JIIPP)-2026 का प्रारूप (ड्राफ्ट) जारी कर दिया है। सरकार ने इन नीतियों पर उद्योग जगत, विशेषज्ञों और आम नागरिकों से सुझाव एवं प्रतिक्रिया आमंत्रित की है। दोनों नीतियों के विस्तृत ड्राफ्ट झारखंड सिंगल विंडो पोर्टल पर सार्वजनिक किए गए हैं, ताकि व्यापक विचार-विमर्श के बाद उन्हें अंतिम रूप दिया जा सके। सरकार का उद्देश्य आधुनिक औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप नीतियां तैयार कर राज्य में घरेलू और वैश्विक निवेश को आकर्षित करना है। इसी क्रम में 8 और 9 जुलाई 2026 को नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर का हितधारक परामर्श कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 9 जुलाई को होने वाले विशेष फीडबैक सत्र की अध्यक्षता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे। दो दिवसीय इस कार्यक्रम में देशभर के उद्योगपति, विनिर्माण क्षेत्र के प्रतिनिधि, टेक्सटाइल विशेषज्ञ और अर्थशास्त्री भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान कई महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर होने की संभावना है, जिससे झारखंड में औद्योगिक निवेश और औद्योगिक सहयोग को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। सरकार ने ड्राफ्ट नीतियों को सार्वजनिक कर नीति निर्माण प्रक्रिया में पारदर्शिता और जनभागीदारी पर जोर दिया है। उद्योग निदेशालय के अनुसार, अंतिम कैबिनेट मंजूरी से पहले प्राप्त सुझावों के आधार पर नीतियों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। विभाग का मानना है कि यह पहल झारखंड को औद्योगिक रूप से सशक्त और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।



