कैराना
नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित बाल अपचारी पुलिस अभिरक्षा में
बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के आरोप में दर्ज है मुकदमा, कैराना पुलिस ने अभियान के तहत की कार्रवाई

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। थाना कैराना पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के मामले में वांछित एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने उसके खिलाफ दर्ज मुकदमे में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र की एक नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म किए जाने के संबंध में पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर पहले ही संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना के दौरान आरोपी बाल अपचारी की तलाश की जा रही थी। पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह के निर्देश पर महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला तथा क्षेत्राधिकारी कैराना के पर्यवेक्षण में थाना कैराना पुलिस ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए वांछित बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में ले लिया। पुलिस ने बताया कि बाल अपचारी को किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार सक्षम न्यायिक प्राधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक राजकुमार और कांस्टेबल मोनू चौधरी की टीम ने अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा

