दिल्ली-लखनऊ हाईवे NH 9 पर तेंदुए टहलता हुआ देखा गया
एक सप्ताह से तेंदुए की दहशत में ग्रामीण, वन विभाग तेंदुए की तलाश में जुटा

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
वन अधिकारियों ने गांव में लगाया जाल…
हापुड़ ( यूपी )- दिल्ली से नजदीक यूपी के जनपद हापुड़ के गढ़ वन रेंज क्षेत्र में तेंदुए का आतंक बना हुआ है। दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे- NH 9 की सर्विस रोड पर तेंदुआ एक बार फिर खुलेआम टहलता हुआ दिखाई दिया है । तेंदुए के दिखाई देने से हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों और आसपास के गांवों के लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
गढ़मुक्तेश्वर तहसील क्षेत्र में सिंभावली क्षेत्र के स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले करीब एक सप्ताह से क्षेत्र में कई बार तेंदुए देखे जा चुके हैं। तेंदुए की आवाजाही हाईवे , सर्विस रोड, खेतों और ग्रामीण इलाकों तक होने से लोग रात के समय घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर भी ग्रामीण काफी चिंतित हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार सूचना देने के बावजूद तेंदुआ अब तक वन विभाग की पकड़ से बाहर है। वन विभाग की टीमें क्षेत्र में लगातार कॉम्बिंग और निगरानी अभियान चला रही हैं, लेकिन अभी तक तेंदुए को पकड़ा नहीं जा सका है।
वहीं वन विभाग के अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि तेंदुआ दिखाई देने पर उसके पास जाने या उसे घेरने की कोशिश न करें । तत्काल वन विभाग या पुलिस को सूचना दें और सतर्क रहें। फिलहाल तेंदुए की लगातार मौजूदगी ने पूरे इलाके में भय का माहौल बना दिया है। वन विभाग की टीम तेंदुए की तलाश में जुटी हुई है।
हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर रेंज के अंतर्गत ग्राम खुडलिया में पिछले 2-3 दिनों से तेंदुए के दिखने की ग्रामीणों द्वारा सूचना के बाद वन विभाग ने अब गांव में डेरा डाल दिया है।
क्षेत्रीय वनाधिकारी करन सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि , वन विभाग की टीम ने गांव खुड़ालिया का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया है । तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू करने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए खेतों के पास पिंजरा लगा दिया गया है। वन विभाग की टीम द्वारा पिंजरे और आसपास के इलाकों की लगातार निगरानी की जा रही है। ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए वन विभाग की टीम गांव में लगातार गश्त भी (पेट्रोलिंग) कर रही है।




