“काट दूंगा गर्दन, अनाथ हो जाएंगी तेरी औलादें”…
दुकानदार को मिली जान से मारने की धमकी, CCTV वायरल, आरोपी गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
हापुड – हापुड़ के हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र में एक जनसेवा केंद्र संचालक को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। बुलंदशहर रोड स्थित जनसेवा केंद्र पर पहुंचे एक युवक ने पुराने मुकदमे को वापस लेने का दबाव बनाते हुए संचालक को खुलेआम धमकाया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पीड़ित अफसार सैफी के अनुसार, आरोपी इरफान से पुराने मुकदमे को लेकर रंजिश चल रही है। आरोप है कि इरफान दुकान पर पहुंचा और मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर उसने धमकी देते हुए कहा, ” काट दूंगा गर्दन, अनाथ हो जाएंगी तेरी औलादें।” इतना ही नहीं, आरोपी ने पुलिस को भी चुनौती देते हुए कहा, “जा कर दे केस… और चल, बना मेरी वीडियो।”
घटना के दौरान दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपी की पूरी हरकत रिकॉर्ड हो गई। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी इरफान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और किसी को जान से मारने की धमकी देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



