दूरस्थ क्षेत्रों में नेटवर्क कनेक्टिविटी क़ो सुदृढ़ करने के निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
उत्तरकाशी : जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों में नेटवर्क कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने हेतु जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिला स्तरीय टेलीकॉम समिति की समीक्षा बैठक ली। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जिले में आपदा प्रबंधन को मजबूत करने, बेहतर आपसी समन्वय स्थापित करने और सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच अंतिम छोर पर बैठे आम जनमानस तक सुनिश्चित करने के लिए नेटवर्क व्यवस्था में तत्काल सुधार करने के कड़े निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सुदूरवर्ती क्षेत्रों में कनेक्टिविटी की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सभी टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर कंपनियों को अगले 6 माह के भीतर युद्ध स्तर पर कार्य करने तथा जिले के ‘नो नेटवर्क जोन’ को चिन्हित कर उन्हें जल्द से जल्द ‘सक्रिय नेटवर्क जोन’ में तब्दील करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि आधुनिक युग में बेहतर संचार व्यवस्था केवल सुविधा नहीं, बल्कि आपदा के समय जीवन रक्षा और विकास के लिए एक महत्पूर्ण जरूरत है।
बैठक में दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में मोबाइल टावर स्थापना व उनकी सक्रियता तथा अन्य तकनीकी बाधाओं को दूर करने पर भी गहन चर्चा हुई। इस दौरान जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने संबंधित टेलीकॉम कंपनियों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन की ओर से उन्हें हर संभव प्रशासनिक सहायता और पूरा सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी के माध्यम से ही डिजिटल इंडिया और सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ ग्रामीणों को मिल सकेगा, साथ ही किसी भी दैवीय आपदा के दौरान प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य बिना किसी रुकावट के त्वरित गति से संचालित किए जा सकेंगे।
बैठक में ईडीएम अनिल रावत, आपदा प्रबंधन से जय पंवार, बीएसएनएल से धीरज चौधरी, जिओ से रितेश पाण्डेय, वीआई से शुभम शर्मा शामिल हुए।



