शामली
वायरल बुखार का बढ़ा प्रकोप, अस्पतालों में उमड़ी मरीजों की भीड़
ओपीडी में महिला, पुरुषों के साथ बड़ी संख्या में बच्चे पहुंचे
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला । नगर और क्षेत्र में इन दिनों वायरल बुखार और संक्रमण के मामले बढ़ने से अस्पतालों की ओपीडी में मरीजों की भीड़ बढ़ गई है। सोमवार को अस्पताल खुलते ही उपचार के लिए बड़ी संख्या में मरीज पहुंच गए। इनमें महिला और पुरुषों के साथ बड़ी संख्या में बच्चे भी शामिल रहे।
मरीजों ने बुखार, सर्दी, खांसी, गले में खराश और बदन दर्द जैसी शिकायतें बताईं। मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को भी काफी व्यस्तता का सामना करना पड़ा।
चिकित्सक वीरेंद्र सिंह ने बताया कि नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में वायरल संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं। मौसम में लगातार बदलाव और उमस के कारण भी लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। उन्होंने लोगों को साफ-सफाई रखने, स्वच्छ पानी पीने और आसपास गंदगी जमा नहीं होने देने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि बुखार या अन्य लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए। बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा लेने से बचने तथा बच्चों और बुजुर्गों की विशेष देखभाल करने की भी अपील की गई। अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को संक्रमण से बचाव के उपाय बताए जा रहे हैं और जांच के बाद आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
