
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
खैरथल-तिजारा। राज्य सरकार के “शुद्ध आहार, मिलावट पर वार” अभियान के तहत गुरुवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने भिवाड़ी स्थित वरुण बेवरेजेज लिमिटेड पर बड़ी कार्रवाई करते हुए स्टिंग एनर्जी ब्रांड की 180 एमएल क्षमता वाली 21,200 कैन कैफिनेटेड बेवरेज सीज की।
यह कार्रवाई आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान डॉ. टी. शुभमंगला तथा जिला कलक्टर अतुल प्रकाश के निर्देशानुसार सीएमएचओ खैरथल की खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा की गई।
अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट ने बताया कि निरीक्षण के दौरान स्टिंग एनर्जी के लेबल पर “स्टिम्युलेट्स माइंड”, “एनर्जाइजेज बॉडी”, “सेम ग्रेट टेस्ट” जैसे दावे अंकित पाए गए, जिन्हें खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप जांच के दायरे में लिया गया। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत उत्पाद के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए तथा 21,200 कैन सीज कर दी गईं।
उन्होंने बताया कि इसी कार्रवाई के दौरान मनसा चौक स्थित होटल आरसी पैलेस से दही एवं पनीर के सैंपल भी लिए गए। होटल संचालक को परिसर में साफ-सफाई एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेमंत कुमार यादव ने बताया कि एफएसएसएआई के दिशा-निर्देशों के अनुसार कैफिनेटेड बेवरेज के लेबल पर “स्टिम्युलेट्स माइंड”, “एनर्जाइजेज बॉडी”, “एनर्जी ड्रिंक”, “स्पोर्ट्स ड्रिंक” जैसे दावे भ्रामक प्रचार की श्रेणी में आ सकते हैं। इस संबंध में हाल ही में एफएसएसएआई, नई दिल्ली द्वारा बेवरेज निर्माण करने वाली कंपनियों को आवश्यक दिशा-निर्देश एवं नोटिस जारी किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।



