बरेली
12 जुलाई को बरेली में 36 लाख पौधे लगेंगे, जिलाधिकारी ने की तैयारियों की समीक्षा
वृक्षारोपण महायज्ञ ‘इलेक्शन मोड’ में, जोनल-सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली : जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 की तैयारियों की समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में बताया गया कि 12 जुलाई 2026 को प्रदेश में 35 करोड़ पौधे रोपित किए जाएंगे। इसी क्रम में जनपद बरेली में 36 लाख पौधे एक ही दिन में लगाए जाएंगे।
डीएम ने वृक्षारोपण को ‘इलेक्शन मोड’ में कराने के निर्देश दिए। इसके लिए उप जिलाधिकारियों को जोनल मजिस्ट्रेट और खण्ड विकास अधिकारियों को सेक्टर मजिस्ट्रेट नामित किया गया है। सभी विभागों को वन विभाग की नर्सरियों से शत-प्रतिशत पौध उठान तत्काल पूर्ण करने को कहा गया। उन्होंने निर्देश दिए कि 12 जुलाई को सभी विभाग पौधारोपण के साथ जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित करें। वृक्षारोपण जन सहभागिता और हर्षोल्लास के साथ कराया जाए। इसमें एनजीओ, स्वयं सहायता समूह, एनएस व एनसी की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। पौधों की जियो टैगिंग और हर घंटे प्रगति रिपोर्ट भेजने के भी निर्देश दिए गए।
प्रभागीय वनाधिकारी ने बताया कि बृहद वृक्षारोपण बड़े बाईपास पर मंत्री धर्मपाल सिंह की उपस्थिति में होगा। शासन से प्रमुख सचिव सौरभ बाबू को जनपद का नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी दीक्षा भण्डारी सहित सभी अधिकारी उपस्थित रहे।



