गाजियाबाद
मुख्यमंत्री ग्रामीण उद्योग रोजगार योजना से स्वरोजगार को मिलेगा बढ़ावा
ग्रामीणों से पंजीकरण कराने की अपील

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : मुख्यमंत्री ग्रामीण उद्योग रोजगार योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को स्वरोजगार के लिए सरकार द्वारा जागरूक किया जा रहा है। योजना के माध्यम से इच्छुक युवाओं, महिलाओं एवं बेरोजगारों को विभिन्न लघु उद्योग स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके साथ ही उन्हें 15 दिवसीय कौशल सुधार प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि लाभार्थी प्रशिक्षण प्राप्त कर अपना स्वयं का रोजगार शुरू कर सकें।
योजना के अंतर्गत आटा चक्की, मसाला चक्की, मिनी राइस मिल, गन्ना रस इकाई, मधुमक्खी पालन, अचार एवं मुरब्बा निर्माण जैसे खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों के अलावा वस्त्र उद्योग, होजरी, सिलाई, रेडीमेड परिधान निर्माण, खिलौना एवं गुड़िया निर्माण, कशीदाकारी, धागा निर्माण आदि गतिविधियों को भी शामिल किया गया है।
इसके अतिरिक्त सेवा क्षेत्र में चाय की दुकान, जिम, बैटरी चार्जिंग, फोटोस्टेट, स्क्रीन प्रिंटिंग, नाई की दुकान, ब्यूटी पार्लर, सोलर ऊर्जा उपकरणों की मरम्मत एवं निर्माण, फोटोग्राफी सहित अनेक स्वरोजगार आधारित व्यवसायों के लिए भी योजना का लाभ लिया जा सकता है।यह जानकारी देते हुए माया चौहान ने ग्रामीण नागरिकों से अपील की है कि वे समय पर अपना पंजीकरण कराकर सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ उठाएं और “कुशल भारत–कौशल भारत” के संकल्प को साकार करने में अपनी भागीदारी निभाएं।


