गोड्डा
विद्यालय से बाहर बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए चलेगा दो माह का विशेष अभियान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। जिले में विद्यालय से बाहर रह गए बच्चों की पहचान, ट्रैकिंग एवं नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष नामांकन अभियान प्रारंभ किया गया है। अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक आहूत की गई। बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथिला टुडू ने बताया कि यह विशेष अभियान 7 जुलाई से 7 सितंबर 2026 तक जिले के चार प्रखंड सुंदरपहाड़ी/बौआरीजोर /बसंतराय/महागामा के 338 विद्यालयों में संचालित किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यालय से बाहर बच्चों की पहचान कर उन्हें पुनः विद्यालय में नामांकित करना तथा उनकी नियमित शिक्षा सुनिश्चित करना है। इस दौरान तीन चरणों की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही शिक्षक आवासीय क्षेत्र मानचित्रण कार्यस्थल टैगिंग, घर-घर सर्वेक्षण, DAHAR पोर्टल के माध्यम से सत्यापन, नामांकन की निगरानी तथा जिला, प्रखंड एवं विद्यालय स्तर के अधिकारियों की जिम्मेदारियों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
अभियान के तीन चरण
प्रथम चरण (7 जुलाई – 13 जुलाई 2026) जन-जागरूकता एवं आईईसी गतिविधियां, टैगिंग, ड्रॉप बॉक्स डेटा का सत्यापन, पात्र बच्चों का नामांकन होगा। द्वितीय चरण (14 जुलाई – 16 अगस्त 2026) DAHAR आधारित घर-घर सर्वेक्षण, कार्यस्थलों का मानचित्रण विद्यालय से बाहर बच्चों की पहचान एवं नामांकन होगा। तृतीय चरण (17 अगस्त – 7 सितंबर 2026), ब्रिज सपोर्ट उपलब्ध कराना, NIOS में पंजीकरण, जीरो ड्रॉपआउट विद्यालयों का सत्यापन, अंतिम प्रतिवेदन का समर्पण का कार्य होगा।
वही, पोषक क्षेत्र के अंतर्गत होटल, ढाबा, बस स्टैंड, क्रशर, ईंट भट्टे, रेलवे क्रॉसिंग, यातायात सिग्नल, रेलवे स्टेशन, झुग्गी-झोपड़ी, कृषि क्षेत्र, किसी भी प्रकार की दुकान, लघु उद्योग, निर्माण इकाई, ऑटोमोबाइल समेत अन्य क्षेत्रों का सर्वे कर आउट ऑफ स्कूल बच्चों का सर्वेक्षण होगा। बैठक में उपायुक्त के द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं समुदाय से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि “हर बच्चा विद्यालय में, हर बच्चा शिक्षा से जुड़े” के लक्ष्य को सफलतापूर्वक प्राप्त किया जा सके।



