उत्तरकाशी

मत्स्य पालक दिवस पर मत्स्य सहेली योजना का उद्घाटन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

उत्तरकाशी : राष्ट्रीय मत्स्य पालक दिवस के अवसर पर आज दिनांक 10 जुलाई 2026 को विकासखंड नौगांव के खरादी में मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना के अंतर्गत निर्मित “मत्स्य सहेली” का उद्घाटन जिलाधिकारी प्रशांत आर्य द्वारा किया गया।

उक्त मत्स्य सहेली का संचालन माँ दुर्गा स्वयं सहायता समूह द्वारा किया जाएगा, जिसके माध्यम से स्थानीय स्तर पर ताज़ी एवं मूल्यवर्धित मत्स्य उत्पादों का विपणन किया जाएगा। इस पहल से स्थानीय मत्स्य पालकों को अपने उत्पादों के लिए बेहतर विपणन सुविधा उपलब्ध होगी तथा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लिए स्वरोजगार एवं आर्थिक सशक्तिकरण के नए अवसर सृजित होंगे।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूह की सदस्याओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों को आजीविका से जोड़ना शासन की प्राथमिकता है। मत्स्य क्षेत्र में इस प्रकार की पहलें स्थानीय अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करेंगी। उन्होंने समूह से गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध कराने, स्वच्छता मानकों का पालन करने तथा ग्राहकों का विश्वास बनाए रखने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने जनपद में मत्स्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न विकासात्मक एवं नवाचारी कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे प्रयासों को निरंतर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में दर्जा राज्यमंत्री श्याम डोभाल, मत्स्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, माँ दुर्गा स्वयं सहायता समूह की सदस्याओं तथा क्षेत्रीय मत्स्य पालकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान मत्स्य पालन को स्वरोजगार एवं ग्रामीण आजीविका का सशक्त माध्यम बनाने, स्थानीय स्तर पर मत्स्य उत्पादों के विपणन को बढ़ावा देने तथा महिला स्वयं सहायता समूहों की सहभागिता को और अधिक सुदृढ़ करने पर भी चर्चा की गई।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button