हजारीबाग

होरिया गाँव मे एक महिला दो बच्चे के साथ कुएं में कूदी दोनो बच्चे की मौत।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हजारीबाग जिले के कटकमसांडी प्रखंड अंतर्गत रेबर पंचायत के होरिया गांव में शनिवार देर रात एक दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। घरेलू विवाद से परेशान बताई जा रही एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगा दी। इस हादसे में दोनों बच्चों की मौत हो गई, जबकि महिला को ग्रामीणों ने जीवित बाहर निकाल लिया। उसका इलाज चल रहा है।मृतकों की पहचान ढाई वर्षीय पुत्री तथा एक वर्षीय पुत्र के रूप में हुई है। महिला की पहचान चंचला देवी के रूप में हुई है। जिसकी शादी नौवाखांप निवासी जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानदार टिकेश्वर यादव के पुत्र प्रदीप यादव से हुई थी। प्रदीप यादव बाहर रहकर टेलर वाहन चलाने का कार्य करता है। ग्रामीणों के अनुसार, परिवार में पिछले कुछ दिनों से घरेलू विवाद चल रहा था। शनिवार देर रात किसी बात को लेकर विवाद बढ़ने के बाद चंचला देवी ने अपने दोनों बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद तीनों को कुएं से बाहर निकाला। दोनों बच्चों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल महिला का इलाज जारी है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों के पिता प्रदीप यादव के घर पहुंचने से पहले ही रविवार सुबह करीब पांच बजे दोनों बच्चों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। बताया जाता है कि घटना की सूचना मिलने के बाद प्रदीप यादव घर लौटना चाहता था, लेकिन उसे आने से मना कर दिया गया। घटना के बाद मुखिया प्रतिनिधि हलधर यादव के नेतृत्व में देर रात तक पंचायत भी हुई। उन्होंने केवल इतना बताया कि कुएं में डूबने से दो बच्चों की मौत हुई है। इससे अधिक जानकारी देने से उन्होंने इनकार कर दिया।सूचना मिलते ही कटकमसांडी थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस परिजनों एवं ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल महिला द्वारा बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगाने के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर घरेलू विवाद को घटना का कारण माना जा रहा है। थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश ने बताया कि घटना अत्यंत मर्माहत करने वाली है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button