गोरखपुर नगर निगम ने लॉन्च किया ‘पेट रजिस्ट्रेशन पोर्टल’
अब घर बैठे होगा पालतू पशुओं का ऑनलाइन पंजीकरण

महापौर ने किया शुभारंभ, डिजिटल डेटाबेस से रेबीज नियंत्रण, पशु प्रबंधन और नागरिक सुरक्षा को मिलेगी नई मजबूती
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
गोरखपुर। नगर निगम गोरखपुर ने शहर में डिजिटल और पारदर्शी नागरिक सेवाओं को बढ़ावा देते हुए सोमवार को ‘पेट रजिस्ट्रेशन पोर्टल’ का शुभारंभ किया।
महापौर ने नगर आयुक्त अजय जैन की उपस्थिति में पोर्टल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर महापौर ने कहा कि यह पोर्टल केवल ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा नहीं, बल्कि जिम्मेदार पालतू पशु स्वामित्व, पशु कल्याण, जनस्वास्थ्य और स्वच्छ एवं सुरक्षित शहर की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
नगर निगम के अनुसार, योजना के प्रथम चरण में नागरिक अपने पालतू कुत्तों, बिल्लियों और खरगोशों का ऑनलाइन पंजीकरण करा सकेंगे। भविष्य में इस सुविधा का विस्तार अन्य पालतू पशुओं तक भी किया जाएगा। पोर्टल के माध्यम से नागरिक घर बैठे आवेदन कर सकेंगे, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करेंगे, ऑनलाइन शुल्क जमा करेंगे और डिजिटल पंजीकरण प्रमाणपत्र भी प्राप्त कर सकेंगे।
महापौर ने कहा कि पालतू पशुओं का पंजीकरण और समय-समय पर उनका टीकाकरण कराना प्रत्येक पशु प्रेमी की जिम्मेदारी है। इससे न केवल पशुओं का स्वास्थ्य सुरक्षित रहेगा, बल्कि सार्वजनिक स्वास्थ्य और नागरिक सुरक्षा भी मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि किसी आपात स्थिति या शिकायत की दशा में डिजिटल डेटाबेस के माध्यम से पालतू पशु और उसके स्वामी की त्वरित पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जा सकेगी।
नगर आयुक्त अजय जैन ने कहा कि इस पोर्टल से नगर निगम के पास पालतू पशुओं और उनके स्वामियों का प्रमाणिक डिजिटल रिकॉर्ड उपलब्ध होगा। इससे रेबीज टीकाकरण की निगरानी, पंजीकरण के वार्षिक नवीनीकरण, पशु प्रबंधन और भविष्य की नीतियां बनाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि साक्ष्य-आधारित योजना निर्माण से नागरिक सुविधाओं में और सुधार आएगा तथा नगर निगम की कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी बनेगी।
नगर निगम का मानना है कि यह पहल स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों को भी मजबूती देगी। सार्वजनिक स्थानों पर पालतू पशुओं के अपशिष्ट के वैज्ञानिक निस्तारण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ेगी, जिससे शहर की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, पंजीकरण व्यवस्था से नगर निगम के राजस्व में भी वृद्धि होने की संभावना है।
कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार एवं अतुल कुमार, पशु कल्याण अधिकारी रोबिन सिंह, जोनल सेनेट्री अधिकारी अखिलेश श्रीवास्तव, जोनल अधिकारी अविनाश सिंह, रवि सिंह सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में महापौर एवं नगर आयुक्त ने सभी पशुपालकों से अपने पालतू पशुओं का समयबद्ध पंजीकरण कराकर स्वच्छ, सुरक्षित और पशु-हितैषी गोरखपुर के निर्माण में सहयोग देने की अपील की।



