
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को बरेली पहुंचे। कलेक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जिले की मैराथन समीक्षा बैठक शुरू हुई। बैठक में विकास कार्यों की प्रगति, कानून-व्यवस्था, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, लंबित परियोजनाओं और जन शिकायतों की गहन समीक्षा की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक डिप्टी सीएम विभागवार प्रगति रिपोर्ट का बारीकी से परीक्षण कर रहे हैं। जिन विभागों में काम धीमा है या परियोजनाएं अधूरी हैं, वहां अधिकारियों से जवाब-तलब किया जा रहा है। सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं को तय समय में पूरा कराने और जनता तक लाभ पहुंचाने पर जोर है।
बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधि: मेयर उमेश गौतम, वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, बिथरी चैनपुर विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरनलाल लोधी।
प्रशासनिक अधिकारी: कमिश्नर भूपेंद्र एस. चौधरी, डीएम अविनाश सिंह, एसएसपी अनुराग आर्य सहित सभी प्रमुख विभागों के अधिकारी शामिल हैं।
बैठक में सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास, नगर विकास, राजस्व, सिंचाई विभागों की योजनाओं के साथ कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जन शिकायत निस्तारण की समीक्षा हो रही है।
सरकार की मंशा विकास में तेजी लाने और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की है। खराब प्रदर्शन पर सख्ती के संकेत दिए गए। बैठक के बाद डिप्टी सीएम महत्वपूर्ण निर्देश दे सकते हैं।




