24 घंटे CISF की तैनाती बावजूद लाखों की केबल चोरी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
धनबाद । लोयाबाद क्षेत्र के सेंद्रा बांसजोडा कोलियरी वर्कशॉप में करीब ₹1.20 लाख मूल्य के कॉपर केबल और अन्य कॉपर सामग्री की चोरी के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल लगातार गहराते जा रहे हैं। 24 घंटे सशस्त्र CISF की निगरानी वाले परिसर में हुई इस चोरी की जांच करने मंगलवार को डिप्टी कमांडेंट राजीव झा पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और ड्यूटी पर तैनात जवानों से पूछताछ की।
जांच के दौरान जब मौके पर मौजूद पत्रकारों ने चोरी की घटना और कार्रवाई के संबंध में जानकारी लेनी चाही, तो आरोप है कि डिप्टी कमांडेंट ने जवाब देने के बजाय पत्रकारों से बहस शुरू कर दी। इस व्यवहार को लेकर पत्रकारों ने कड़ी आपत्ति जताई और इसकी निंदा की।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अवैध कोयला कारोबार और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई के बजाय CISF की सख्ती अक्सर सवाल पूछने वालों पर ही दिखाई देती है। कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि अवैध मुहानों की भराई के नाम पर कई बार केवल औपचारिक कार्रवाई की जाती है और एक ही स्थान पर बार-बार भराई दिखाकर अभियान पूरा होने का दावा किया जाता है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
शनिवार रात हुई इस चोरी ने CISF की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। अब लोगों की मांग है कि चोरी की निष्पक्ष जांच के साथ-साथ सुरक्षा में हुई चूक की जिम्मेदारी भी तय की जाए।



